रांची: झारखंड में पारा शिक्षकों (सहायक अध्यापकों) के लिए बड़ी खुशखबरी है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने 7,299 सहायक आचार्य पदों पर नियुक्ति के लिए झारखंड प्रशिक्षित सहायक आचार्य (पारा कोटि) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026 का विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग ने योग्य पारा शिक्षकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।

31 जुलाई से 30 अगस्त तक भर सकेंगे आवेदन

आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 31 जुलाई 2026 से शुरू होगी और 30 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि तक आवेदन किए जा सकेंगे।

आवेदन शुल्क का भुगतान 1 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि तक किया जा सकेगा। वहीं, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने तथा आवेदन पत्र का प्रिंटआउट लेने के लिए 3 सितंबर 2026 तक लिंक उपलब्ध रहेगा।

नियमित और बैकलॉग दोनों पदों पर होगी भर्ती

इस भर्ती अभियान के तहत कुल 7,299 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें 6,109 पद नियमित नियुक्ति तथा 1,190 पद बैकलॉग नियुक्ति के लिए निर्धारित किए गए हैं।

जेटेट अनिवार्य, सीटेट और अन्य राज्यों के टीईटी अभ्यर्थियों को भी मौका

आयोग ने स्पष्ट किया है कि नियमित और बैकलॉग दोनों श्रेणियों की परीक्षा में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) द्वारा निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के साथ संबंधित स्तर के लिए झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा।

हालांकि, सीटेट अथवा झारखंड के पड़ोसी राज्यों द्वारा आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) उत्तीर्ण पारा शिक्षक भी इस प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। ऐसे अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिलने के बाद तीन वर्षों के भीतर और उपलब्ध पहले अवसर पर जेटेट उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version