रांची: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) 2026 को लेकर अभ्यर्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। इस बार रिकॉर्ड करीब 4.17 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। लगभग 10 वर्ष बाद आयोजित होने जा रही जेटेट के लिए यह अब तक का सबसे अधिक आवेदन है।

इससे पहले वर्ष 2024 में करीब 3.50 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे, लेकिन परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी और स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देश पर सभी आवेदन रद्द कर दिए गए थे। वहीं, वर्ष 2016 में आयोजित जेटेट के लिए 2.53 लाख आवेदन मिले थे। इस बार 2024 की तुलना में करीब 67 हजार और 2016 की तुलना में 1.64 लाख अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं।

आवेदन में संशोधन का मिलेगा मौका

आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्र में आवश्यक संशोधन करने का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) जल्द ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा।

संभावना है कि जेटेट 2026 का आयोजन इसी वर्ष के अंत तक किया जाएगा।

2016 के बाद पहली बार होगी परीक्षा

शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अनुसार शिक्षक पात्रता परीक्षा हर वर्ष आयोजित होनी चाहिए, लेकिन झारखंड में अब तक केवल दो बार ही जेटेट आयोजित हुई है। पहली परीक्षा 2013 और दूसरी 2016 में हुई थी। इसके बाद लंबे समय तक परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी।

जेटेट के बाद 40 हजार शिक्षक भर्ती का रास्ता होगा साफ

जेटेट का परिणाम जारी होने के बाद राज्य में सहायक आचार्य भर्ती के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू होगी।

वर्तमान में राज्य में करीब 40 हजार सहायक आचार्य पद रिक्त हैं। पहले चरण में 26 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिनमें से लगभग 16 हजार पद अब भी खाली हैं। दूसरे चरण में 24 हजार पदों पर नियुक्ति प्रस्तावित है।

पहले और दूसरे चरण के रिक्त पदों को मिलाकर करीब 40 हजार शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता जेटेट परीक्षा के बाद साफ होने की उम्मीद है।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version