रांची: सिविल सर्जन कार्यालय, रांची में सोमवार को डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने नए सिविल सर्जन के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में निवर्तमान सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार को चिकित्सकों, स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी।

गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं होगी प्राथमिकता

पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने कहा कि जिले के लोगों को गुणवत्तापूर्ण, बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ समन्वय बनाकर जनहित में बेहतर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

डॉ. प्रभात कुमार ने जताया सभी का आभार

विदाई समारोह में डॉ. प्रभात कुमार ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए चिकित्सकों, अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि टीम वर्क और सामूहिक प्रयासों के कारण ही जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन संभव हो सका।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

समारोह में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह, डीआरसीएचओ डॉ. असीम मांझी, डीटीओ डॉ. एस. बास्की, डॉ. प्रभावती सहित कई जिला स्तरीय चिकित्सा पदाधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. प्रभात कुमार के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और नए सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद का स्वागत किया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version