रांची: रांची सिटीजन फोरम के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को नगर निगम के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। यह प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष दीपेश निराला के नेतृत्व में निगम बोर्ड बैठक के अवसर पर मेयर रोशनी खलखो, उपमहापौर नीरज कुमार सहित सभी 52 वार्ड पार्षदों से मिला।

जनप्रतिनिधियों को दी बधाई, सौंपे सुझाव

प्रतिनिधिमंडल ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए उन्हें झारखंड पथ विक्रेता नियमावली 2015, पथ विक्रेता योजना 2017, नगरपालिका यातायात प्रबंधन विनियमावली 2017 तथा नागरिक सुविधाओं से संबंधित पुस्तकें भेंट कीं।

फुटपाथ दुकानदारों के संरक्षण पर जोर

फोरम ने नगर निगम से मांग की कि फुटपाथ दुकानदारों की आजीविका संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। इसके तहत वेंडर्स मार्केट का निर्माण किया जाए और टाउन वेंडिंग कमेटी को सशक्त बनाया जाए, ताकि छोटे व्यापारियों को व्यवस्थित और सुरक्षित स्थान मिल सके।

वार्ड समिति और वार्ड सभा गठन की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने प्रत्येक वार्ड में वार्ड समिति का गठन और नियमित वार्ड सभा आयोजित करने पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि इससे जनता की भागीदारी बढ़ेगी और विकास योजनाएं सीधे लोगों की जरूरतों के अनुसार तय हो सकेंगी।

यातायात व्यवस्था सुधारने की अपील

इसके अलावा शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए भी प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई। फोरम का मानना है कि बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन से नागरिकों को बड़ी राहत मिल सकती है।

इस प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष दीपेश निराला, सचिव रेणुका तिवारी, कोषाध्यक्ष विनोद जैन बेगवानी, संयुक्त सचिव हरीश नागपाल, मनीष बक्शी, संतोष मृदुला, अमरनाथ चौबे, सुजीत पांडेय तथा क्रॉउन पब्लिकेशन के राजेंद्र आर्या सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version