रांची: एसडीओ कोर्ट द्वारा 35 अधिवक्ताओं को नोटिस जारी किए जाने के विरोध में रांची जिला बार एसोसिएशन (आरडीबीए) ने 4 से 6 अगस्त तक चरणबद्ध हड़ताल करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में सोमवार को आयोजित आम सभा (जीबी) की बैठक में अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मति से आंदोलन की रूपरेखा तय की।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 4 अगस्त को अधिवक्ता केवल एक्जीक्यूटिव कोर्ट का पूर्ण बहिष्कार करेंगे। वहीं 5 अगस्त को सिविल और एक्जीक्यूटिव दोनों न्यायालयों में कोई न्यायिक कार्य नहीं किया जाएगा।

इसके अलावा 6 अगस्त को दोपहर 1:30 बजे शोक सभा आयोजित की जाएगी। शोक सभा के बाद पूरे दिन अधिवक्ता किसी भी न्यायिक कार्य में भाग नहीं लेंगे। साथ ही आंदोलन की आगे की रणनीति तय करने के लिए एक बैठक भी आयोजित की जाएगी।

निर्णय का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

रांची जिला बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि एडहॉक कमेटी के फैसले का उल्लंघन करने वाले किसी भी अधिवक्ता के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। एसोसिएशन ने सभी अधिवक्ताओं से आंदोलन को सफल बनाने और कमेटी के निर्णय का पूर्ण पालन करने की अपील की है।

बड़ी संख्या में अधिवक्ता रहे मौजूद

जीबी की बैठक में एडहॉक कमेटी के सदस्य शंभु प्रसाद अग्रवाल, संजय विद्रोही और मुकेश कुमार केसरी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। बैठक में एसडीओ कोर्ट की कार्रवाई के विरोध में एकजुट होकर आंदोलन चलाने पर सहमति बनी।



Share.
Leave A Reply

Exit mobile version