रामगढ़: झारखंड के रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में नवविवाहित दंपति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा मारंगमरचा स्थित बाबा भंडारी लाइन होटल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दंपति को कुचल दिया।

शादी के एक महीने बाद टूटा परिवार

मृतकों की पहचान बोकारो जिले के चांदो गांव निवासी 29 वर्षीय गौतम नायक और उनकी 25 वर्षीय पत्नी काजल देवी के रूप में हुई है। दोनों की शादी 8 मार्च 2026 को हुई थी। शादी के महज एक महीने बाद इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

पूजा में शामिल होने जा रहे थे दंपति

परिजनों के अनुसार, 3 अप्रैल को घर में पूजा का आयोजन था, जिसमें शामिल होने के लिए दंपति रामगढ़ से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही क्षतिग्रस्त बाइक को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

सेना से जुड़े थे मृतक

बताया जा रहा है कि गौतम नायक भारतीय सेना से जुड़े थे और हाल ही में उनका तबादला रामगढ़ कैंट में हुआ था।

इस दुखद घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version