रांची: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर झारखंड में लगातार देखने को मिल रहा है। मंगलवार को राज्य के लगभग सभी जिलों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक प्रभाव पश्चिमी सिंहभूम में रहा, जहां देर तक लगातार वर्षा होती रही। वहीं राजधानी रांची में 17 मिमी और जगन्नाथपुर में 31 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
29 जुलाई को इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 29 जुलाई को रांची में बारिश की तीव्रता अपेक्षाकृत कम रहेगी, लेकिन लातेहार, गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा जिलों में भारी बारिश की संभावना है। राजधानी रांची में दिनभर बादल छाए रहने और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
बारिश से रांची समेत कई शहरों का तापमान गिरा
लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को रांची के अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई, जबकि जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम में ठंडक बढ़ने से लोगों को उमस से राहत मिली है।
30 और 31 जुलाई को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार 30 और 31 जुलाई को भी राज्यभर में आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
सामान्य से 26 प्रतिशत कम हुई मानसूनी बारिश
बारिश के बावजूद इस मानसून सीजन में झारखंड में अब भी वर्षा की कमी बनी हुई है। 1 जून से 27 जुलाई तक राज्य में सामान्य से 26 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में जहां सामान्य रूप से 478.3 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी, वहीं अब तक केवल 352.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। राजधानी रांची में भी अब तक सामान्य से 17 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।
