गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले में मिठाई के नाम पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने का बड़ा मामला सामने आया है। सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान रेहला रोड स्थित एक खेत में लंबे समय से अवैध रूप से संचालित बूंदी लड्डू निर्माण कारखाने में औचक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मिलावट और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का खुलासा होने से प्रशासन और आम लोग दोनों हैरान रह गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन अब मिलावटखोरों पर सीसीए के तहत सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।

छापेमारी से मचा हड़कंप

अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में मिलावटखोरों और उनके नेटवर्क में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान सामने आया कि कारखाने में खाद्य सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही थी। एसडीएम ने मामले को गंभीर मानते हुए खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को विस्तृत जांच और सैंपलिंग का निर्देश दिया है।

बेसन के नाम पर खतरनाक मिलावट

प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ कि जिन बूंदी के लड्डुओं को शुद्ध बेसन का बताकर बाजार में बेचा जा रहा था, वहां असली बेसन का इस्तेमाल ही नहीं हो रहा था। पूछताछ में कारखाना संचालक ने स्वीकार किया कि वह बाजार समिति से करीब 40 रुपये प्रति किलो की दर से मिलने वाला तथाकथित गुलकंद बेसन खरीदता था।

बताया गया कि इस मिश्रण में प्रतिबंधित खेसारी दाल, घटिया मैदा और अरवा चावल का आटा मिलाया जाता था। इसके बाद उसमें पीला रंग डालकर उसे बेसन जैसा बनाया जाता था। मौके से भारी मात्रा में तैयार बूंदी और दो बोरी घटिया मैदा भी जब्त किया गया।

बाजार समिति तक पहुंची जांच

कारखाना संचालक की निशानदेही पर प्रशासन ने बाजार समिति स्थित दो थोक दुकानों में भी छापेमारी की। अब प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि मिलावटी सामग्री की सप्लाई चेन किन-किन व्यापारियों और नेटवर्क से जुड़ी हुई है।

मिलावटखोरों पर सीसीए के तहत कार्रवाई की तैयारी

इस मामले में प्रशासन अब बेहद सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है। अधिकारियों के अनुसार पहली बार मिलावटखोरों को आदतन अपराधी घोषित कर उनके खिलाफ सीसीए और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि खाद्य सुरक्षा को लेकर लगातार कार्रवाई के बावजूद कुछ लोग मिलावटी और निम्न गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री बेचने से बाज नहीं आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी पहले भी नकली मिठाई बेचने के मामले में कार्रवाई झेल चुका है।

पूरे परिवार के साथ चल रहा था कारोबार

एसडीएम ने बताया कि आरोपी अपने पूरे परिवार के साथ मिलकर इस अवैध कारोबार को चला रहा था। उन्होंने कहा कि आर्थिक कमजोरी की आड़ में किसी को भी ऐसा व्यवसाय करने की छूट नहीं दी जा सकती, जिससे आम लोगों की जान खतरे में पड़े।

गढ़वा जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वाले किसी भी गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

कई इलाकों में सप्लाई हो रहे थे नकली लड्डू

प्रशासनिक जांच में यह भी सामने आया है कि यहां तैयार नकली और मिलावटी लड्डुओं की सप्लाई बड़े पैमाने पर की जा रही थी। गढ़वा बस स्टैंड के आसपास की दुकानों और होटलों के अलावा शहर के प्रमुख मिष्ठान भंडारों तक यह मिठाई पहुंचाई जा रही थी।

इसके अलावा ग्रामीण इलाकों और रमकंडा क्षेत्र के बाजारों तथा हाटों में भी इन नकली लड्डुओं की बिक्री की जा रही थी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version