रांची: झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने विधानसभा के मानसून सत्र में जानकारी दी है कि झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के माध्यम से कुल 2,606 पदों पर जल्द ही नई भर्ती के विज्ञापन जारी किए जाएंगे। यह जानकारी सरकार की ओर से सदन में पेश किए गए कृत कार्रवाई प्रतिवेदन (एटीआर) में दी गई।

JPSC और JSSC के माध्यम से होगी भर्ती

एटीआर के अनुसार, जेपीएससी द्वारा 847 पदों पर नियुक्ति के लिए और जेएसएससी द्वारा 1,759 पदों पर भर्ती के लिए जल्द ही विज्ञापन प्रकाशित किए जाएंगे। हालांकि, सरकार ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि ये रिक्तियां किन-किन विभागों और पदों के लिए होंगी।

सरकार ने सदन में रखा भर्ती का ब्योरा

राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलनों के बीच सरकार ने विधानसभा में यह जानकारी साझा की। बजट सत्र के दौरान भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी द्वारा पूछे गए तारांकित प्रश्न के जवाब में सरकार ने 80 आश्वासनों के अनुपालन से संबंधित कृत कार्रवाई प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें नई भर्तियों का उल्लेख किया गया है।

अब तक कितनी नियुक्तियों की हुई अनुशंसा

सरकार द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार:

  • जेपीएससी ने वर्ष 2020 से अब तक 3,377 पदों पर नियुक्ति की अनुशंसा की है। इनमें से 798 पदों के लिए पहले ही विज्ञापन जारी किए जा चुके हैं।
  • जेएसएससी ने वर्ष 2019 से अब तक 39,687 पदों पर नियुक्ति की अनुशंसा की है। इनमें से 20,206 पदों पर भर्ती प्रक्रिया फिलहाल जारी है।

छात्र आंदोलन के बीच सरकार का बड़ा संकेत

भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पारदर्शिता की मांग को लेकर राज्य में छात्रों का आंदोलन जारी है। ऐसे समय में सरकार द्वारा 2,606 नए पदों पर भर्ती की घोषणा को प्रतियोगी छात्रों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब अभ्यर्थियों की नजर संबंधित आयोगों द्वारा जारी होने वाले विस्तृत भर्ती विज्ञापनों पर रहेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version