भैरवी नदी किनारे अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई

रामगढ़ : रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र स्थित कामता टोला कोलहवा घुटवा में भैरवी नदी किनारे चल रहे अवैध महुआ शराब कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार सुबह हुई छापेमारी में भारी मात्रा में महुआ शराब, जावा महुआ और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान जब्त किया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक कारोबारी को गिरफ्तार किया, जबकि चार अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।

एसपी को मिली थी गुप्त सूचना

एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि रामगढ़ एसपी को सूचना मिली थी कि भैरवी नदी किनारे बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब बनाई जा रही है।

सूचना के आधार पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और रविवार सुबह करीब पांच बजे छापेमारी की गई। पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे।

इस दौरान पुलिस ने सिकनी निवासी 27 वर्षीय दशरथ महतो को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपी जंगल और नदी किनारे के रास्ते फरार हो गए।

गोला और आसपास के इलाकों में होती थी सप्लाई

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि सभी लोग मिलकर लंबे समय से शराब भट्ठी चला रहे थे।

यहां तैयार की जाने वाली महुआ शराब को गोला और आसपास के इलाकों में सप्लाई किया जाता था। पुलिस ने जब शराब निर्माण और बिक्री से जुड़े दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

इसके बाद गोला थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

छापेमारी में क्या-क्या हुआ बरामद

पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की, जिनमें शामिल हैं:

  • 120 लीटर महुआ देशी शराब
  • 600 किलो जावा महुआ
  • 5 बड़े एल्यूमिनियम तसले
  • 4 नल लगे नीले रंग के जार
  • एक बड़ा और एक छोटा पुराना साइकिल

कई अधिकारी रहे मौजूद

इस कार्रवाई में एसडीपीओ आलोक रंजन, पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार, थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, स्वामी रंजन ओझा, कुमार प्रभात रंजन, संजय कुमार गोराई, बहादुर महतो, तहसीन अहमद, पैंथर मोबाइल दस्ता और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version