रांची: रांची विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर सत्र 2025-27 की कक्षाएं 20 जुलाई से शुरू होने जा रही हैं। हालांकि, इस बार पीजी में नामांकन की स्थिति चिंताजनक है। विश्वविद्यालय के 30 विभागों में अब तक 1,462 अभ्यर्थियों ने आवेदन शुल्क जमा किया, लेकिन इनमें से केवल 628 विद्यार्थियों ने ही अंतिम रूप से नामांकन लिया है।

कई विभागों में छात्रों की संख्या दहाई तक नहीं पहुंची

विश्वविद्यालय के कई विभागों में विद्यार्थियों की संख्या बेहद कम है। आठ विषय ऐसे हैं, जहां नामांकन दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाया है। खड़िया विषय में केवल एक, समाजशास्त्र में दो और कुरमाली में मात्र तीन विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है।

इसके अलावा दर्शनशास्त्र और पंचपरगनिया में चार-चार, बांग्ला और भूगर्भशास्त्र में सात-सात तथा संस्कृत में आठ विद्यार्थियों ने नामांकन कराया है। कई विभागों में विद्यार्थियों की संख्या शिक्षकों से भी कम हो गई है।

अंग्रेजी और गणित में सबसे अधिक नामांकन

नामांकन के आंकड़ों के अनुसार अंग्रेजी विभाग में सबसे अधिक 61 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। इसके बाद गणित में 51, भूगोल, हिंदी और वाणिज्य में 41-41 विद्यार्थियों ने नामांकन कराया है।

नई शिक्षा नीति का पड़ा असर

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार नई शिक्षा नीति के तहत लागू चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम के कारण पीजी में नामांकन प्रभावित हुआ है। छह सेमेस्टर पूरा करने के बाद यदि छात्र पीजी में प्रवेश लेते हैं तो उन्हें दो वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम करना पड़ता है और स्नातक की पढ़ाई बीच में छोड़नी होती है। वहीं आठ सेमेस्टर पूरा करने के बाद प्रवेश लेने पर केवल एक वर्षीय पीजी पाठ्यक्रम करना होता है।

इस व्यवस्था के कारण अधिकांश विद्यार्थी स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद ही पीजी करना पसंद कर रहे हैं। इसके अलावा पीजी नामांकन प्रक्रिया में लगभग एक वर्ष की देरी होने से भी कई विद्यार्थियों ने अन्य विश्वविद्यालयों में प्रवेश ले लिया।

प्रमुख विषयों में नामांकन की स्थिति

विषयनामांकन
अंग्रेजी61
गणित51
भूगोल41
हिंदी41
वाणिज्य41
जंतु विज्ञान33
अर्थशास्त्र30
इतिहास29
मनोविज्ञान28
भौतिकी27
नागपुरी27
राजनीति विज्ञान24
वनस्पति विज्ञान22
रसायन विज्ञान22
खोरठा21
मानवशास्त्र18
कुड़ुख17
संताली15
गृह विज्ञान12
हो11
मुंडारी11
उर्दू10
संस्कृत8
बांग्ला7
भूगर्भशास्त्र7
दर्शनशास्त्र4
पंचपरगनिया4
कुरमाली3
समाजशास्त्र2
खड़िया1

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version