Ranchi : झारखंड में पिछले दो दिनों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की रफ्तार धीमी पड़ने के कारण गर्मी और उमस में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मौसम के फिर से सक्रिय होने के संकेत दिए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं और मॉनसून दोबारा गति पकड़ सकता है।

17 और 18 जून के लिए येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने 17 जून के लिए रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़ और बोकारो जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में दोपहर के समय 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

इसके अलावा कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश, वज्रपात और हल्की वर्षा हो सकती है। विभाग का अनुमान है कि 18 जून को भी इसी तरह की मौसमीय गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में बादल छाए रहने के बावजूद बारिश की संभावना कम है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी जारी रह सकती है।

19 जून से 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने 19 जून से राज्य के 17 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें रांची, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा शामिल हैं।

विभाग के अनुसार 19 जून से अगले तीन दिनों तक इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। साथ ही वज्रपात और रुक-रुक कर बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

मॉनसून कमजोर पड़ते ही बढ़ी गर्मी

मॉनसून की गतिविधियां कमजोर होने का असर राज्य के तापमान पर भी साफ दिखाई दे रहा है। कई जिलों में अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर में रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 42.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पिछले 24 घंटे में यहां तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है।

वहीं रांची में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर और चाईबासा में तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि बोकारो में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

अधिकांश जिलों में नहीं हुई बारिश

मंगलवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश नहीं हुई। केवल कांके क्षेत्र में एक मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बारिश नहीं होने और तेज धूप निकलने की वजह से लोगों को दिनभर गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा।

मौसम विज्ञान केंद्र ने संकेत दिए हैं कि 22 जून तक झारखंड के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान कई इलाकों में वर्षा की गतिविधियां बढ़ेंगी और मॉनसून के फिर से सक्रिय होने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों और सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version