रांची में बढ़ते साइबर अपराधों के मामलों को देखते हुए रांची पुलिस ने आम लोगों की सुविधा के लिए एक नई डिजिटल पहल शुरू की है। अब साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी और सोशल मीडिया हैकिंग जैसी घटनाओं के शिकार लोगों को शिकायत दर्ज कराने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

रांची पुलिस ने साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों और जागरूकता के लिए एक विशेष फेसबुक पेज तैयार किया है, जहां लोग आसानी से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं और साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं।

क्यूआर कोड स्कैन कर सीधे पहुंच सकेंगे प्लेटफॉर्म पर

रांची एसएसपी राकेश रंजन के कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नागरिक केवल क्यूआर कोड स्कैन कर सीधे फेसबुक पेज तक पहुंच सकते हैं। इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों को तेजी से प्राप्त करना और लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है।

फेसबुक पेज पर साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए तरीकों और ठगी के पैटर्न की जानकारी भी नियमित रूप से साझा की जाएगी, ताकि लोग समय रहते सतर्क रह सकें और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी से बच सकें।

साइबर फ्रॉड से बचाव की मिलेगी जरूरी जानकारी

रांची पुलिस का कहना है कि डिजिटल युग में साइबर अपराधियों के तरीके लगातार बदल रहे हैं। ऐसे में लोगों तक सही और समय पर जानकारी पहुंचाना बेहद जरूरी है। इस फेसबुक पेज के माध्यम से बैंकिंग फ्रॉड, ओटीपी ठगी, फर्जी लिंक, केवाईसी अपडेट के नाम पर धोखाधड़ी, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग और ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाली ठगी से बचाव संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

लोगों से जागरूकता फैलाने की अपील

रांची पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस पहल की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। इससे साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता बढ़ेगी और पीड़ितों को समय पर सहायता मिलने में मदद मिलेगी। पुलिस का मानना है कि जागरूकता ही साइबर अपराध के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है।

रांची पुलिस का आधिकारिक फेसबुक पेज:

रांची पुलिस साइबर जागरूकता फेसबुक पेज

https://www.facebook.com/share/18cfLAQwxW



Share.
Leave A Reply

Exit mobile version