रांची: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित काली मंदिर रोड से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां एक नवविवाहिता ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पति से वीडियो कॉल के बाद उठाया आत्मघाती कदम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान सुमन के रूप में हुई है। उसकी शादी इसी वर्ष हुई थी। उसका पति बेंगलुरु में नौकरी करता है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह सुमन की अपने पति से वीडियो कॉल और चैट पर बातचीत हुई थी। इसके अलावा उसने अपने पिता से भी फोन पर बात की थी।

दरवाजा तोड़ने पर मिला शव

कुछ समय बाद कमरे के अंदर से कोई हलचल नहीं होने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने दरवाजा तोड़ा। अंदर पहुंचने पर सुमन का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद परिजनों ने शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।

मोबाइल जब्त कर जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर डोरंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version