रांची/नीमराणा : राजस्थान के नीमराणा इलाके में एक अवैध कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे में झारखंड के चार मजदूरों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
कैसे लगी भीषण आग
जानकारी के अनुसार, कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराणा में शुक्रवार शाम करीब 5 बजे कबाड़ गोदाम में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि गोदाम में कबाड़ से निकली परफ्यूम की बोतलों को तोड़ा जा रहा था, जिनसे ज्वलनशील केमिकल निकल रहा था। इसी दौरान एक पिकअप चालक द्वारा जलाई गई बीड़ी की तीली फेंकने से केमिकल में आग भड़क उठी और कुछ ही मिनटों में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
धमाकों से दहला इलाका
गोदाम में रखे केमिकल से भरे ड्रमों में आग लगने के बाद जोरदार धमाके होने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भीषण थी कि इसकी लपटें पास की प्लास्टिक फैक्ट्री तक पहुंच गईं और लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं।
मजदूरों के साथ बच्चे भी फंसे
हादसे के समय गोदाम में मजदूरों के साथ उनके बच्चे भी मौजूद थे। आग लगते ही लोग बाहर निकलने की कोशिश करने लगे, लेकिन मुख्य गेट पर खड़े वाहन के कारण रास्ता अवरुद्ध हो गया। कई मजदूर बाहर नहीं निकल सके और आग की चपेट में आ गए।
झारखंड के चार मजदूरों की मौत
इस हादसे में झारखंड के चार मजदूरों की मौत हो गई, जिनमें एक मासूम बच्ची भी शामिल बताई जा रही है। कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जबकि कुछ के लापता होने की भी सूचना है।
दमकल की कड़ी मशक्कत, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है, जिसके चलते डीएनए जांच की प्रक्रिया शुरू की गई है।
अवैध गोदाम पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह कबाड़ गोदाम अवैध रूप से संचालित हो रहा था और पहले भी इसकी शिकायत की गई थी, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इस घटना के बाद सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
