रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पेट्रोल-डीजल संकट, नीट पेपर लीक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया सलाह को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। झारखंड मंत्रालय में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा, “अब तो देश के राजा वही हैं, देखिए क्या-क्या करवाते हैं।”

पेट्रोल-डीजल संकट पर केंद्र को घेरा

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि देशभर में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की किल्लत कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंपों के बाहर दिख रही लंबी कतारें और संकट जैसी स्थिति लंबे समय से बनी हुई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन की खपत कम करने और वीआईपी कारकेड छोटा रखने की सलाह पर भी मुख्यमंत्री ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि देश की “स्टेयरिंग सीट” पर नरेंद्र मोदी बैठे हैं और देश वही करेगा, जैसा वे चाहेंगे।

“देश के राजा वही हैं”

मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “अब तो देश के राजा वही हैं, देखिए क्या-क्या करवाते हैं।” राजनीतिक गलियारों में उनके इस बयान को केंद्र सरकार की नीतियों पर सीधा हमला माना जा रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि बढ़ती महंगाई, ईंधन संकट और आम लोगों की परेशानियों को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है।

नीट पेपर लीक मामले पर जताई चिंता

हेमंत सोरेन ने नीट पेपर लीक मामले पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “सब एक ही तरह के हालात बयां करते हैं, लेकिन नीट पेपर लीक के बाद एक मेधावी छात्र की जान चली गई, उसकी चिंता कौन करेगा?”

उन्होंने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version