जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित सोपोडेरा में राजकीय मध्य विद्यालय परिसर से नाबालिग किशोरी का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि किशोरी की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके नाबालिग प्रेमी ने ही की थी।

घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया था। रविवार सुबह स्कूल परिसर में किशोरी का शव मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।

शादी को लेकर हुआ विवाद

पुलिस जांच के अनुसार किशोरी शुक्रवार से लापता थी और अपने नाबालिग प्रेमी के साथ घूम रही थी। शनिवार रात दोनों सोपोडेरा स्थित स्कूल परिसर पहुंचे थे। सुनसान इलाके में बातचीत के दौरान शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि किशोरी लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी, जबकि आरोपी अपनी कम उम्र का हवाला देकर इससे बचने की कोशिश कर रहा था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर आरोपी ने किशोरी की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया।

12 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान खोजी कुत्तों, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली गई।

पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर आरोपी की पहचान कर उसे गोविंदपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में 16 वर्षीय आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे रिमांड होम भेज दिया गया।

कठिन परिस्थितियों में बीत रही थी किशोरी की जिंदगी

जांच में यह भी सामने आया कि मृतका बिरसानगर जोन नंबर-2 की रहने वाली थी और कोरोना काल से अपने परिवार से अलग रह रही थी। वह आसपास के घरों में काम करके अपना जीवनयापन कर रही थी।

इसी दौरान उसकी मुलाकात गोविंदपुर क्षेत्र के कुमफूटा निवासी नाबालिग युवक से हुई थी। दोनों के बीच धीरे-धीरे प्रेम संबंध स्थापित हो गया था।

पुलिस ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि किशोरी के साथ दुष्कर्म नहीं हुआ था। फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version