रांची : झारखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। बंगाल की उत्तर-पश्चिम खाड़ी और उससे सटे उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बने गहरे निम्न दबाव का असर अब पूरे राज्य में देखने को मिल रहा है। इसके प्रभाव से रविवार को झारखंड के लगभग सभी जिलों में रुक-रुक कर बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले कई दिनों तक राज्य में मानसून सक्रिय रहेगा और अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 6 जुलाई को गुमला, रांची, लोहरदगा, लातेहार, गढ़वा, पलामू, चतरा और हजारीबाग जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं 7 से 9 जुलाई के बीच संताल परगना क्षेत्र, राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में भी कई स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद अगले चार दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
जगन्नाथपुर में सबसे अधिक बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में सर्वाधिक 50.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा हटगम्हरिया में 32.6 मिलीमीटर, गुड़ाबांधा में 27.2 मिलीमीटर, मझगांव में 25.4 मिलीमीटर और रांची एयरपोर्ट क्षेत्र में 12.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
डालटनगंज सबसे गर्म रहा
बारिश के बावजूद पिछले 24 घंटे के दौरान डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रांची का न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान की बात करें तो रांची में 28 डिग्री, जमशेदपुर में 30.2 डिग्री, बोकारो में 35.4 डिग्री और चाईबासा में 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने और जलभराव तथा खराब मौसम की स्थिति में आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
