रांची: झारखंड में गुरुवार को मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश और वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है।
रांची का तापमान रहेगा सामान्य से नीचे
मौसम विभाग के अनुसार 24 जुलाई को रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। लगातार बादल और बारिश की वजह से तापमान में गिरावट बनी हुई है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा और बोकारो जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया है।
इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
25 और 26 जुलाई को भी बारिश जारी रहने के संकेत
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 25 जुलाई को झारखंड के लगभग सभी जिलों में बारिश होने की संभावना है। वहीं 26 जुलाई को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। इस दौरान भी वज्रपात और तेज हवाओं का खतरा बना रहेगा।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि बारिश और बिजली कड़कने के समय खुले मैदान में न रहें तथा पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहें। किसानों और ग्रामीण इलाकों के लोगों को भी मौसम की चेतावनियों पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।
