रांची: झारखंड विधानसभा के षष्ठम (मॉनसून) सत्र की तैयारियों को लेकर बुधवार को विधानसभा परिसर स्थित स्पीकर कक्ष में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में 6 अगस्त 2026 से शुरू होने वाले मॉनसून सत्र के सफल, सुचारू और गरिमापूर्ण संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सदन की कार्यवाही को लोकतांत्रिक परंपराओं और संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप संचालित करने पर सहमति बनी।
सभी दलों से सकारात्मक सहयोग की अपील
बैठक में विधानसभा अध्यक्ष ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सदन की कार्यवाही के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित संचालन के लिए सकारात्मक सहयोग देने का आग्रह किया। मॉनसून सत्र के दौरान जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सार्थक चर्चा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
सर्वदलीय बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक प्रदीप यादव, सुरेश पासवान, अरूप चटर्जी, जयराम कुमार महतो, निर्मल महतो सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
