रांची : भीषण गर्मी के बीच लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून तय समय से पहले केरल पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने 26 मई से 30 मई के बीच केरल में मानसून सक्रिय होने की संभावना जताई है। सामान्य तौर पर मानसून हर वर्ष 1 जून को केरल पहुंचता है।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वरीय वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि केरल में मानसून की एंट्री पूरे भारतीय उपमहाद्वीप में वर्षा ऋतु की शुरुआत का संकेत मानी जाती है। इसके बाद मानसून धीरे-धीरे उत्तर भारत की ओर बढ़ता है और विभिन्न राज्यों को गर्मी से राहत मिलती है।

उन्होंने बताया कि झारखंड में इस बार मानसून 12 जून से 18 जून के बीच पहुंच सकता है। यदि मौसम विभाग का यह अनुमान सही साबित होता है तो राज्य में सामान्य से पहले बारिश शुरू हो सकती है।

2005 से जारी हो रहा मानसून पूर्वानुमान

अभिषेक आनंद ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग वर्ष 2005 से केरल में मानसून आगमन को लेकर परिचालन पूर्वानुमान जारी कर रहा है। इसके लिए स्वदेशी तकनीक से विकसित आधुनिक सांख्यिकीय मॉडल का उपयोग किया जाता है।

उन्होंने बताया कि इस मॉडल में चार दिनों तक की संभावित त्रुटि मानी जाती है। पूर्वानुमान तैयार करने के दौरान छह महत्वपूर्ण मौसम संकेतकों को शामिल किया जाता है।

इनमें उत्तर-पश्चिम भारत का न्यूनतम तापमान, दक्षिण प्रायद्वीप में मानसून पूर्व बारिश, समुद्र तल का दबाव, दक्षिण चीन सागर में आउटगोइंग लॉन्ग वेव रेडिएशन, हिंद महासागर की क्षेत्रीय हवाएं और इंडोनेशिया क्षेत्र की ऊपरी हवाएं शामिल हैं।

पिछले वर्षों में सही साबित हुए अधिकांश अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार वर्ष 2005 से 2025 के बीच मानसून आगमन को लेकर जारी अधिकांश पूर्वानुमान सही साबित हुए हैं। केवल वर्ष 2015 में अनुमान पूरी तरह सटीक नहीं रहा था।

पिछले वर्षों का रिकॉर्ड

  • वर्ष 2020 : मानसून आया 1 जून, पूर्वानुमान था 5 जून
  • वर्ष 2021 : मानसून आया 3 जून, पूर्वानुमान था 31 मई
  • वर्ष 2022 : मानसून आया 29 मई, पूर्वानुमान था 27 मई
  • वर्ष 2023 : मानसून आया 8 जून, पूर्वानुमान था 4 जून
  • वर्ष 2024 : मानसून आया 30 मई, पूर्वानुमान था 31 मई
  • वर्ष 2025 : मानसून आया 17 जून, पूर्वानुमान था 12 जून
  • वर्ष 2026 : झारखंड में संभावित आगमन 12 से 18 जून के बीच

किसानों और आम लोगों को राहत की उम्मीद

मानसून के संभावित आगमन को लेकर किसानों में उत्साह देखा जा रहा है। समय पर बारिश होने से खेती की तैयारी आसान होगी और खरीफ फसलों की बुवाई समय पर हो सकेगी।

वहीं लगातार बढ़ती गर्मी और उमस से परेशान लोगों को भी जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version