रांची : झारखंड में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से राज्य के सभी जिलों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। सोमवार को लातेहार में सबसे अधिक 35 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि रांची, बोकारो और मेदिनीनगर समेत कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कुछ क्षेत्रों में तेज हवा और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।
कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 7 जुलाई को गिरिडीह, देवघर, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं रांची सहित राज्य के अन्य जिलों में मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है।
8 जुलाई को देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 9 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
लातेहार में सबसे अधिक बारिश
सोमवार को लातेहार में 35 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा रांची और बोकारो में 15-15 मिलीमीटर, मेदिनीनगर में 13 मिलीमीटर, जमशेदपुर में 2 मिलीमीटर, हजारीबाग, गुमला और कोडरमा में 3-3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
बारिश से तापमान में आई गिरावट
लगातार हो रही बारिश का असर तापमान पर भी देखने को मिला है। मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
वहीं रांची में अधिकतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस घटकर 26.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। शहर का न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बोकारो में भी अधिकतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस कम हुआ।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और वज्रपात के समय खुले स्थानों तथा पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की सलाह दी है।
