कोडरमा : जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर गांव में जमीन विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। बीती रात हुई खूनी झड़प में कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी वाहन चालक राजकुमार यादव की हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। वहीं, आक्रोशित ग्रामीणों और विधायक समर्थकों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तथा थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम से लौटते समय मिली विवाद की सूचना

जानकारी के अनुसार राजकुमार यादव देर रात विधायक डॉ. नीरा यादव के साथ एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें अपने गांव चितरपुर में जमीन विवाद की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वह गांव पहुंचे, जहां पहले से ही गोतिया परिवार के लोगों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।

कहासुनी के बाद हिंसक झड़प में बदला विवाद

परिजनों के मुताबिक घर पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि विरोधी पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर राजकुमार यादव को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए।

मां, पिता और बेटी भी घायल

घटना में मृतक की बेटी सोनिका कुमारी, मां सुधा देवी और पिता दशरथ यादव भी घायल हो गए। सभी का इलाज कोडरमा सदर अस्पताल में चल रहा है।

सोनिका कुमारी ने आरोप लगाया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद जब वह मौके पर पहुंचीं तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं।

पहले भी हुआ था जमीन को लेकर विवाद

स्थानीय लोगों के अनुसार घटना से एक दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि उस दौरान मृतक की मां के साथ मारपीट की गई थी और उन्हें जमीन में आधा गाड़ने का प्रयास भी किया गया था। इसके बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ था।

विधायक नीरा यादव ने उठाए सवाल

घटना की सूचना मिलते ही विधायक डॉ. नीरा यादव देर रात सदर अस्पताल पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

विधायक ने कहा कि जमीन विवाद की जानकारी पहले ही पुलिस को दी गई थी। यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाती तो इस घटना को रोका जा सकता था।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

शव रखकर सड़क जाम, थाना प्रभारी को हटाने की मांग

घटना से नाराज विधायक समर्थकों और ग्रामीणों ने राजकुमार यादव के शव के साथ कोडरमा थाना के सामने रांची-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान को तत्काल निलंबित करने, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

सड़क जाम के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। क्षेत्र में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version