रांची : रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से लापता हुए भाई-बहन को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। दोनों बच्चे 25 मई को घर से अचानक निकल गए थे, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया था।

मिली जानकारी के अनुसार जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के पटेल नगर सेक्टर-01, धुर्वा निवासी चिरंजीव कुमार महतो के 6 वर्षीय बेटे युवांश महतो और 10 वर्षीय बेटी रोशनी कुमारी घर से लापता हो गए थे। बताया गया कि दोपहर के समय मां ने दोनों बच्चों को तेज धूप में खेलने से मना किया था। इसी बात से नाराज होकर दोनों बच्चे पैदल ही घर से निकल गए।

काफी खोजबीन के बाद थाने में दर्ज कराई शिकायत

काफी देर तक बच्चे घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार वालों ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद बच्चों के पिता ने जगन्नाथपुर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

कई थाना क्षेत्रों की पुलिस को लगाया गया

मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। नगर और ग्रामीण पुलिस अधिकारियों के संयुक्त नेतृत्व में कई थाना क्षेत्रों की पुलिस को बच्चों की तलाश में लगाया गया।

इस अभियान में जगन्नाथपुर, धुर्वा, अरगोड़ा, डोरंडा, डेली मार्केट, लोअर बाजार थाना समेत तुपुदाना और पुंदाग ओपी की टीमों को शामिल किया गया।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिला सुराग

पुलिस ने बच्चों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी जांच शुरू की। गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान बुधवार को तुपुदाना के चांद गांव स्थित एक चर्च से दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया गया। बच्चों के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।

फिलहाल पुलिस बच्चों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




Share.
Leave A Reply

Exit mobile version