पलामू: झारखंड के पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने एक दर्दनाक घटना का रूप ले लिया। बिंदु बिगहा गांव में हुए हमले में आठ माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

धारदार हथियार से परिवार पर किया हमला

जानकारी के अनुसार, बिंदु बिगहा गांव निवासी चितरंजन पासवान का दीपक पासवान के परिवार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी ने गुस्से में धारदार हथियार से दीपक पासवान, उनकी पत्नी कृपा देवी और उनकी गोद में मौजूद आठ माह के बच्चे पर हमला कर दिया।

हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से सभी को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद ले जाया गया।

अस्पताल में मासूम को मृत घोषित किया गया

हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में चिकित्सकों ने आठ माह के बच्चे को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दीपक पासवान और कृपा देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

डॉक्टर राकेश रंजन के अनुसार, दीपक पासवान की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही हैदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चितरंजन पासवान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version