रांची: बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मेसरा के लालपुर यूनिट के एमबीए (2024–2026) बैच के छात्र-छात्राओं ने एक दिवसीय औद्योगिक भ्रमण के तहत रामकृष्ण फोर्जिंग लिमिटेड के प्लांट नंबर पांच का दौरा किया। इस शैक्षणिक पहल का उद्देश्य छात्रों को औद्योगिक प्रक्रियाओं और प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराना था।

औद्योगिक प्रक्रियाओं का मिला व्यावहारिक अनुभव

भ्रमण के दौरान छात्रों ने प्लांट की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा और आधुनिक उत्पादन तकनीकों के बारे में जानकारी हासिल की। इस अवसर ने उन्हें उद्योग में प्रबंधन के वास्तविक अनुप्रयोग को देखने और समझने का महत्वपूर्ण अनुभव प्रदान किया।

विशेषज्ञों ने साझा किए उद्योग के अनुभव

कार्यक्रम के दौरान कंपनी के सीईओ (ऑपरेशन) शक्तिपद सेनापति और एचआर हेड लोधी साहब ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने अपने प्रेरणादायक वक्तव्य में प्रबंधन की बारीकियों, नेतृत्व कौशल और उद्योग की वर्तमान चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

शिक्षकों के मार्गदर्शन में सफल रहा भ्रमण

इस इंडस्ट्रियल विजिट में संस्थान के प्राध्यापक डॉ. अनीश हैदर, डॉ. सत्राजीत चौधरी, डॉ. मयंक पराशर, डॉ. शालिनी कुमारी, डॉ. वंदना कुमारी और मनोज कुमार की सक्रिय उपस्थिति रही। उनके मार्गदर्शन में छात्रों ने इस शैक्षणिक अनुभव का अधिकतम लाभ उठाया।

इस भ्रमण को सफल बनाने में सरायकेला के कोलाबिरा निवासी समाजसेवी रविन्द्र मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह औद्योगिक भ्रमण छात्रों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक साबित हुआ, जिससे उनके व्यावसायिक कौशल और व्यावहारिक समझ को नई दिशा मिली।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version