जमशेदपुर: शहर और आसपास के क्षेत्रों में जमीन के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी करने वाले आरोपी अजय अग्रवाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उस पर आरोप है कि उसने फर्जी दस्तावेज दिखाकर लोगों से फ्लैट बुकिंग के नाम पर करीब 40 करोड़ रुपये की ठगी की और फरार हो गया था।
कई राज्यों में बदलता रहा ठिकाना
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा। वह गुजरात, हैदराबाद और इंफाल जैसे स्थानों पर छिपकर रह रहा था। लंबे समय तक पीछा करने के बाद साकची थाना पुलिस ने उसे रांची के एक होटल से गिरफ्तार किया।
न्यायालय ने भेजा जेल
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। निचली अदालत ने उसकी जमानत याचिका भी खारिज कर दी है।
जेल में विशेष सुविधाओं पर उठे सवाल
मामले में अब जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, आरोपी को जेल नियमों के विपरीत विशेष सुविधाएं दी जा रही हैं। बताया जा रहा है कि उसके लिए बाहर से भोजन मंगाया जा रहा है, जबकि उसके परिजन और कर्मचारी जेल गेट पर उसकी सेवा में मौजूद रहते हैं।
अस्पताल में भर्ती होने की कोशिश
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी द्वारा अस्पताल में भर्ती होने का प्रयास भी किया जा रहा है, लेकिन चिकित्सीय जांच में उसे स्वस्थ पाया गया है।
सुरक्षा को लेकर भी चिंता
मामले में यह भी सामने आया है कि शहर के एक आपराधिक गिरोह की नजर आरोपी पर बनी हुई है, जिससे उसकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

