पश्चिम बंगाल के हल्दिया स्थित एक पेट्रोकेमिकल प्लांट में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। यह घटना हल्दिया के वार्ड संख्या 13 के चिरंजीपुर इलाके में स्थित संयंत्र में हुई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, जबकि बाद में तीन और दमकल वाहनों को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया। आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास जारी है।

नेफ्था गैस रिसाव से आग लगने की आशंका

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आग सुबह करीब 4 बजे लगी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पाइपलाइन से नेफ्था गैस के रिसाव के बाद आग भड़क गई। पहले संयंत्र से काला धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। गैस रिसाव के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। आग बुझाने के लिए पानी के साथ फोम का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

कई लोग झुलसे, अस्पताल में भर्ती

घटना में कई लोगों के झुलसने की सूचना है। स्थानीय लोगों के अनुसार, घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें बचाकर हल्दिया उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। हालांकि, घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

कई मकान और दुकानें भी प्रभावित

भीषण आग की चपेट में आने से आसपास के कई मकानों और दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।

रेल सेवा पर भी पड़ा असर

आग की घटना के कारण हल्दिया–पांसकुरा रेल मार्ग पर रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ है। सुरक्षा कारणों से संबंधित क्षेत्र में आवाजाही पर निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version