बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले के युवा खिलाड़ी मल्लिकार्जुन मिश्रा ने श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित दक्षिण एशियाई युवा खेल-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ा है।

27 से 30 जून तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत ने कुल 12 स्वर्ण पदक जीते, जिसमें मल्लिकार्जुन मिश्रा के दो स्वर्ण पदकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

एकलव्य स्पोर्ट्स आर्ट एंड कल्चर अकादमी और बोकारो जिला जंप रोप संघ के खिलाड़ी मल्लिकार्जुन मिश्रा ने फ्रीस्टाइल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इस स्पर्धा में नेपाल दूसरे और बांग्लादेश तीसरे स्थान पर रहा।

दो स्पर्धाओं में जीते दो स्वर्ण पदक

इसके बाद उन्होंने ट्रिपल अंडर स्पर्धा में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा में भूटान दूसरे और बांग्लादेश तीसरे स्थान पर रहे।

परिवार के सहयोग से मिली सफलता

मल्लिकार्जुन मिश्रा बोकारो निवासी ब्रज भूषण मिश्रा और कुसुम मिश्रा के पुत्र हैं। उनके पिता ब्रज भूषण मिश्रा सेल के हॉट स्ट्रिप मिल में चार्जमैन के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता कुसुम मिश्रा गृहिणी हैं।

परिजनों के सहयोग और लगातार प्रोत्साहन ने मल्लिकार्जुन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

कोच और माता-पिता को दिया सफलता का श्रेय

मल्लिकार्जुन मिश्रा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय नियमित अभ्यास, माता-पिता के सहयोग और अपने कोच राहुल प्रताप के मार्गदर्शन को दिया।

कोच राहुल प्रताप ने कहा कि मल्लिकार्जुन की यह उपलब्धि पूरे झारखंड और देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए और अधिक पदक जीतेंगे तथा युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version