जमशेदपुर: शहर में लगातार बढ़ रहे मलेरिया के मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। अब संक्रमण की चपेट में स्वास्थ्यकर्मी भी आने लगे हैं। एमजीएम अस्पताल के पीआईसीयू वार्ड में कार्यरत एक नर्स मलेरिया से संक्रमित पाई गई हैं। उन्हें गुरुवार से अस्पताल के पांचवें तल स्थित आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।

संक्रमित नर्स की हालत में सुधार

जानकारी के अनुसार, संक्रमित नर्स मानगो नगर निगम क्षेत्र की डिमना हिल व्यू कॉलोनी की रहने वाली हैं। चिकित्सकों ने बताया कि शनिवार को उनकी स्वास्थ्य स्थिति में पहले की तुलना में सुधार हुआ है और उनका इलाज जारी है।

सभी 36 वार्डों में चलेगा विशेष अभियान

मलेरिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए मानगो नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त अभियान चलाने का निर्णय लिया है। अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र के सभी 36 वार्डों में फॉगिंग और एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जिस क्षेत्र में नया मलेरिया मरीज मिलेगा, उसके घर के एक किलोमीटर के दायरे में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत नालियों की सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।

लोगों से बरतने की अपील

विभाग ने जलजमाव वाले क्षेत्रों और मच्छरों के पनपने वाले स्थानों की विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें तथा बुखार, ठंड लगना या मलेरिया जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version