बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले में बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला गोमिया थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।

तीन महीने बाद लौटी महिला, देख हैरान

आईईएल थाना क्षेत्र के मस्जिद मोहल्ला निवासी सावित्री देवी ने बताया कि वह 23 दिसंबर को घर बंद कर अपनी बेटी से मिलने बोकारो गई थीं। इसके बाद वह कोलकाता, जयपुर और उदयपुर घूमने चली गईं।

रविवार शाम जब वह घर लौटीं, तो बाहर का ताला सही मिला, लेकिन अंदर का दरवाजा टूटा हुआ था। घर के अंदर का सामान बिखरा पड़ा था, जिसे देखकर वह स्तब्ध रह गईं।

लाखों के सामान पर चोरों का हाथ साफ

पीड़िता के अनुसार, चोर घर से करीब तीन लाख रुपये के जेवरात, 75 हजार रुपये नकद, 32 इंच का टीवी, पीतल के बर्तन, कपड़े और जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात ले गए। इसके अलावा दो बैंक पासबुक और एक चेकबुक भी चोरी कर ली गई।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही आईईएल थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है और पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की जा रही है।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version