रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले स्थित चुटूपालू घाटी में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लोहे के भारी पहिए लेकर जा रहा एक ट्रेलर घाटी के घुमावदार रास्ते पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रेलर के पलटते ही उसके नीचे कई वाहन दब गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।

एक की मौत, 10 से अधिक लोग घायल

हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

कई वाहन क्षतिग्रस्त

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर की चपेट में आने से एक काले और एक सफेद रंग की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा सड़क किनारे खड़ा एक कंटेनर ट्रक और एक यात्री बस भी हादसे की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए।

राहत एवं बचाव कार्य में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात सामान्य कराने का काम शुरू कर दिया है। हादसे के कारण कुछ समय तक चुटूपालू घाटी मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version