चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले में मंगलवार को एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। रांची-चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच-75 ई पर चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के आसनतलिया पुलिया के पास एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और खेत में पलट गई।
इस हादसे में चक्रधरपुर स्थित लाल गिरजा के फादर कुंदन मालूवा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी को मामूली चोटें आई हैं और वे सुरक्षित बताई जा रही हैं।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाई मदद
दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर कार में फंसे दोनों को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
रांची से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, फादर कुंदन मालूवा अपनी पत्नी के साथ रांची से चक्रधरपुर लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
बेहतर इलाज के लिए रेफर
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने फादर के कमर में गंभीर चोट की पुष्टि की। उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को वजह माना जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर थाना ले गई। मामले की जांच जारी है।
