पलामू : झारखंड के पलामू जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हुसैनाबाद क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक एक्सयूवी-500 वाहन से 100 बोतल अवैध देशी टनाका शराब बरामद की है। इस दौरान वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

गुप्त सूचना पर शुरू हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, 13 मई की रात दिव्यांश शुक्ला को सूचना मिली थी कि हरियाणा नंबर की एक एक्सयूवी-500 में शराब लोड कर दंगवार मार्ग के रास्ते बिहार ले जाई जा रही है।

सूचना मिलते ही चंदन कुमार के नेतृत्व में दंगवार ओपी चेक पोस्ट के पास विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया।

एक्सयूवी से बरामद हुई शराब की खेप

वाहन जांच के दौरान पुलिस ने HR-26-BZ-0496 नंबर की काले रंग की एक्सयूवी-500 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से चार पेटी अवैध देशी टनाका शराब बरामद हुई।

प्रत्येक पेटी में 25-25 बोतल शराब रखी गई थी। इस तरह कुल 100 बोतल शराब जब्त की गई। पुलिस ने शराब के साथ वाहन को भी जब्त कर लिया।

आरोपी को भेजा गया जेल

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रांत सिंह के रूप में हुई है, जो हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के बहेरा गांव का निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बिहार सीमा से सटे इलाकों में अवैध शराब तस्करी रोकने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जाएगा और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version