रांची: राजधानी रांची के लोवाडीह स्थित एमके कॉम्प्लेक्स में संचालित मां अल्ट्रासाउंड एंड डायग्नोस्टिक सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्र को सील कर दिया। सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की।

जांच के दौरान टीम ने पाया कि केंद्र पर कोई योग्य चिकित्सक मौजूद नहीं था। मरीजों का अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी महत्वपूर्ण जांचें एक टेक्नीशियन द्वारा की जा रही थीं। इसके अलावा केंद्र में किसी भी चिकित्सक का पंजीकरण या अधिकृत विवरण भी उपलब्ध नहीं मिला।

नियमों के उल्लंघन पर हुई कार्रवाई

सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि गर्भधारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम के तहत किसी भी अल्ट्रासाउंड केंद्र का संचालन केवल योग्य और पंजीकृत रेडियोलॉजिस्ट की निगरानी में ही किया जा सकता है।

निरीक्षण में इस कानूनी प्रावधान का उल्लंघन पाए जाने और बिना अधिकृत चिकित्सक के केंद्र संचालित होने के कारण प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से डायग्नोस्टिक सेंटर को सील कर दिया।

अन्य अवैध जांच केंद्रों पर भी होगी कार्रवाई

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में बिना वैध लाइसेंस, आवश्यक अनुमति और योग्य चिकित्सकों के संचालित क्लीनिकों एवं जांच केंद्रों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

प्रशासन ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version