कोडरमा : जिले के सतगांवां थाना क्षेत्र के मीरगंज पंचायत अंतर्गत पचौरी गांव में इंस्टाग्राम से शुरू हुई प्रेम कहानी शादी के बाद विवाद में बदल गई। प्रेम विवाह के कुछ ही घंटों बाद दहेज मांग और दूल्हे के फरार होने का मामला सामने आने से इलाके में चर्चा तेज हो गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी दोस्ती
जानकारी के अनुसार, पचौरी गांव की रहने वाली काजल कुमारी की पहचान इटाय गांव निवासी रोशन कुमार से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। दोनों के बीच धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। दोनों के बीच लंबे समय से मुलाकातें भी होती रही थीं।
ग्रामीणों के दबाव में कराई गई शादी
बताया जाता है कि 21 मई की रात रोशन काजल से मिलने उसके गांव पहुंचा था। इसी दौरान ग्रामीणों ने दोनों को साथ देख लिया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया। गांव में बढ़ते तनाव के बीच ग्रामीणों ने दोनों की शादी कराने का निर्णय लिया। स्थानीय लोगों की मौजूदगी में मंदिर में विवाह संपन्न कराया गया।
हालांकि बताया जा रहा है कि रोशन शादी के लिए तैयार नहीं था, लेकिन ग्रामीणों के दबाव के कारण यह विवाह कराया गया। इसके बाद दोनों की शादी हिंदू रीति-रिवाज से पूरी कराई गई।
शादी के बाद फरार होने का आरोप
शादी के बाद नवविवाहित जोड़े को काजल के घर लाया गया, जहां परिजन आगे की रस्में निभा रहे थे। इसी दौरान काजल का आरोप है कि रोशन किसी बहाने घर से बाहर निकला और फिर वापस नहीं लौटा।
दहेज मांग और धमकी का आरोप
काजल कुमारी ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि कुछ देर बाद रोशन के परिवार के लोग उसकी मां और मौसी समेत सात से आठ लोगों के साथ उसके घर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज की गई और दहेज में 10 लाख रुपये की मांग की गई। विरोध करने पर परिजनों को धमकी भी दी गई।
पुलिस कर रही जांच
थाना प्रभारी बबलू सिंह ने बताया कि काजल कुमारी के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और सभी आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है।

