रांची: रांची विश्वविद्यालय में शैक्षणिक अव्यवस्था के विरोध में सोमवार को आजसू छात्र संघ ने तालाबंदी कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए सत्र नियमित करने की मांग उठाई।
सत्र लेट होने से छात्रों में नाराजगी
छात्र संघ के नेताओं ने बताया कि पिछले करीब दो वर्षों से स्नातक सत्र लगातार लेट चल रहा है, जिससे हजारों छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। समय पर परीक्षा और परिणाम नहीं आने के कारण छात्रों को आगे की पढ़ाई और करियर में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
छात्रों का आरोप है कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। इसे उन्होंने प्रशासन की उदासीनता और लापरवाही का उदाहरण बताया।
सत्र नियमित करने की मांग
आजसू छात्र संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन, कुलपति और डीएसडब्ल्यू से मांग की है कि स्नातक सत्र को जल्द से जल्द नियमित किया जाए, ताकि छात्रों को राहत मिल सके।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
छात्र संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे प्रशासनिक भवन में अनिश्चितकालीन तालाबंदी करने को मजबूर होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
कई छात्र नेता रहे मौजूद
इस दौरान छात्र संघ के प्रदेश सचिव राजेश सिंह, रोशन कुमार नायक, सक्षम झा, रांची महानगर अध्यक्ष अमन साहू समेत कई छात्र नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

