रांची: सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक हुई मूसलाधार बारिश ने राजधानी रांची की व्यवस्था की पोल खोल दी। शहर के कई प्रमुख मार्गों, निचले इलाकों और आवासीय कॉलोनियों में जलजमाव हो गया। कई घरों में बारिश का पानी घुसने से लोगों को पूरी रात पानी निकालने में मशक्कत करनी पड़ी। मंगलवार दोपहर तक भी शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी रही, जिससे आम जनजीवन और यातायात प्रभावित रहा।

अरगोड़ा में घरों में घुसा पानी, बिल्डर पर नाली भरने का आरोप

अरगोड़ा कटहल मोड़ मार्ग स्थित कोरोना पब्लिक स्कूल के समीप कई घरों में बारिश का पानी घुस गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र की पुरानी नाली को एक बिल्डर द्वारा भर दिए जाने से पानी की निकासी बाधित हो गई। इसके कारण बारिश का पानी सीधे घरों में भर गया। लोगों ने नगर आयुक्त से मामले की जांच कर नाली को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।

बालाजी कॉलोनी में जलभराव से लोग घरों में कैद

सेल सिटी रोड नंबर 12 स्थित बालाजी कॉलोनी में नाली निर्माण नहीं होने के कारण पूरी कॉलोनी जलमग्न हो गई। घरों के अंदर पानी भरने से कई परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश में भी यहां जलजमाव हो जाता है। कई बार शिकायत और आवेदन देने के बावजूद अब तक नाली निर्माण नहीं कराया गया है।

पंडरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जलजमाव, घंटों प्रभावित रहा यातायात

पंडरा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर पानी भर जाने से मंगलवार सुबह करीब सात बजे से रांची-रातू मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा, जबकि कई दोपहिया वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए। सड़क किनारे स्थित कुछ दुकानों में भी पानी घुस गया। करीब तीन घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा, जिससे स्कूली बच्चों और कार्यालय जाने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी हुई।

बारिश ने रिम्स की बदहाल जल निकासी व्यवस्था उजागर की

बारिश के बाद रिम्स परिसर की जल निकासी व्यवस्था की खामियां भी सामने आ गईं। अस्पताल के बेसमेंट का एक हिस्सा पानी में डूब गया, जबकि फिजियोथेरेपी विभाग और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव हो गया। बेसमेंट में गंदा पानी भरने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

नर्सिंग स्टाफ के अनुसार, जलभराव और सीलन के कारण पूरे विभाग में बदबू फैल जाती है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। कर्मचारियों ने प्लंबिंग कार्य में लापरवाही को इसकी प्रमुख वजह बताया।

सदर अस्पताल में भी दिखा बारिश का असर

लगातार बारिश का असर सदर अस्पताल में भी देखने को मिला। अस्पताल के ओपीडी और पंजीकरण काउंटर पर मरीजों की संख्या में कमी दर्ज की गई। इमरजेंसी वार्ड के समीप कई स्थानों पर छत से पानी रिसने के कारण फर्श पर पानी जमा हो गया। हालांकि मौसम साफ होने के बाद हाउसकीपिंग कर्मचारियों ने सफाई कर स्थिति सामान्य कर दी।

जलजमाव वाले इलाकों में पहुंची नगर निगम की क्यूआरटी टीम

जलभराव की सूचना मिलने के बाद रांची नगर निगम की क्विक रिस्पांस टीम तत्काल विभिन्न इलाकों में पहुंची। जेसीबी, ट्रैक्टर और मोटर पंप की सहायता से जाम नालियों की सफाई कराई गई तथा पानी निकाला गया।

नगर निगम की टीम ने वार्ड 28 की बर्फ फैक्ट्री गली, वार्ड 25 के बिजली कार्यालय क्षेत्र, वार्ड 26 के अशोकपुरम रोड, वार्ड 27 के किशोरगंज रोड और इरगुटोली, वार्ड 32 के विजय पथ, वार्ड 33 के राधा नगर, आनंद नगर और शांति नगर, वार्ड 34 के पावटोली और विद्यानगर, वार्ड 35 के डीपाटोली, वार्ड 36 के अरगोड़ा हाउसिंग कॉलोनी और लाजपत नगर, वार्ड 3 के मान्या पैलेस, वार्ड 20 के कार्ट सराय रोड तथा वार्ड 53 के परमार्थ नगर सहित कई इलाकों में राहत कार्य चलाया।

जलजमाव की सूचना हेल्पलाइन पर दें

रांची नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में बारिश के कारण जलजमाव की स्थिति उत्पन्न होती है तो इसकी सूचना हेल्पलाइन नंबर 18005701235 पर दें। सूचना मिलते ही क्यूआरटी टीम को मौके पर भेजकर पानी निकासी और राहत कार्य किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version