हजारीबाग: जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में जीटी रोड स्थित ग्रामीण बैंक के समीप शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान चौपारण पंचायत के बजरंग टोला निवासी रितलाल साह के रूप में हुई है। वह बाजार में नींबू बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
सड़क पार करने के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रितलाल साह सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
भागने की कोशिश कर रहे चालक को ग्रामीणों ने पकड़ा
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने का प्रयास करने लगा, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
घटना से नाराज ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए जीटी रोड पर सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
