रांची: झारखंड ऊर्जा विकास निगम के अंतर्गत राज्य के विभिन्न सप्लाई एरिया बोर्ड में कार्यरत मानव दिवस और आउटसोर्सिंग कर्मियों की सुरक्षा को लेकर झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ ने निगम प्रबंधन और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संघ ने कहा कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
सुरक्षा उपकरण नहीं मिलने का आरोप
श्रमिक संघ के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि हाल के दिनों में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में आधा दर्जन से अधिक दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें कई कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि कर्मचारियों को समय पर सुरक्षा किट, आवश्यक उपकरण और पर्याप्त प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाता, तो कई हादसों को टाला जा सकता था।
मुआवजा और जांच की उठाई मांग
अजय राय ने कहा कि दुर्घटनाओं के बाद मृतक और घायल कर्मियों के परिवारों को समय पर मुआवजा और आर्थिक सहायता भी नहीं मिल रही है। उन्होंने मांग की कि हालिया सभी दुर्घटनाओं की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और यदि किसी अधिकारी या एजेंसी की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग
श्रमिक संघ ने सभी सप्लाई एरिया बोर्ड में कार्यरत कर्मचारियों को निर्धारित सुरक्षा किट उपलब्ध कराने और कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है। संघ का कहना है कि जोखिम भरे कार्य बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के कराना कर्मचारियों के जीवन को खतरे में डालने के समान है।
आंदोलन की चेतावनी
संघ अध्यक्ष अजय राय ने चेतावनी दी कि यदि निगम प्रबंधन और राज्य सरकार ने जल्द ही श्रमिकों की सुरक्षा और अन्य मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाए, तो श्रमिक संघ राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा।

