रांची: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) 2026 के लिए इस बार रिकॉर्ड 4.17 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। लगभग 10 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आयोजित होने जा रही इस परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में काफी उत्साह है। संभावना है कि जेटेट का आयोजन इस वर्ष के अंत तक किया जाएगा।

इस बार प्राप्त आवेदन संख्या वर्ष 2024 के 3.50 लाख आवेदनों की तुलना में करीब 67 हजार अधिक है। वहीं वर्ष 2016 में आयोजित जेटेट परीक्षा में मिले 2.53 लाख आवेदनों की तुलना में इस बार 1.64 लाख अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।

आवेदन में संशोधन का मिलेगा मौका

आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्र में संशोधन करने का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) जल्द ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा।

10 साल बाद हो रही जेटेट परीक्षा

शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अनुसार शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन हर वर्ष होना चाहिए, लेकिन झारखंड में अब तक केवल दो बार ही जेटेट आयोजित की गई है। पहली परीक्षा वर्ष 2013 और दूसरी 2016 में हुई थी। इसके बाद लंबे समय तक परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी।

40 हजार शिक्षक भर्ती का खुलेगा रास्ता

जेटेट का परिणाम जारी होने के बाद राज्य में सहायक आचार्य भर्ती के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू होगी। वर्तमान में राज्य के सरकारी विद्यालयों में सहायक आचार्य के करीब 40 हजार पद रिक्त हैं।

पहले चरण में 26 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी, जिनमें से लगभग 16 हजार पद अभी भी खाली हैं। दूसरे चरण में 24 हजार पदों पर नियुक्ति प्रस्तावित है। ऐसे में जेटेट परीक्षा पूरी होने के बाद दोनों चरणों के रिक्त पदों को मिलाकर करीब 40 हजार शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो जाएगा।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version