रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 का आयोजन 19 जुलाई को राज्यभर के विभिन्न जिला मुख्यालयों में किया जाएगा। इस भर्ती परीक्षा में 3 लाख 22 हजार 867 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए आयोग और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी पूरी कर ली है।

राज्यभर में बनाए गए 813 परीक्षा केंद्र

जेएसएससी ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए राज्य के विभिन्न जिला मुख्यालयों में 813 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। परीक्षा ओएमआर शीट के माध्यम से तीन पालियों में आयोजित होगी। आयोग ने अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र और परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक दिशा-निर्देश अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर पहले ही जारी कर दिए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और प्रत्येक गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध

आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी प्रकार के मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर या अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों का उपयोग नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई है।

यदि कोई अभ्यर्थी कदाचार करते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ झारखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं निवारण के उपाय) अधिनियम, 2023 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

89,356 अधूरे आवेदन किए गए थे रद्द

इस परीक्षा के लिए 1 अगस्त 2024 से 8 सितंबर 2024 तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे। आवेदन पत्रों की जांच के दौरान जेएसएससी ने 89,356 अधूरे आवेदन निरस्त कर दिए थे, क्योंकि अभ्यर्थियों ने आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं की थी।

परीक्षा का समय

  • प्रथम पाली: सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक
  • द्वितीय पाली: सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक
  • तृतीय पाली: दोपहर 3:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक

आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने, प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र साथ लाने तथा परीक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version