रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा 2025 की मुख्य परीक्षा 18 जुलाई से 20 जुलाई तक रांची के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। मुख्य परीक्षा से पहले आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा की उत्तर कुंजी में एक बार फिर संशोधन करते हुए नया मॉडल उत्तर जारी किया है। संशोधित उत्तर कुंजी में कुल चार प्रश्नों को रद्द कर दिया गया है।
आयोग के अनुसार सामान्य अध्ययन प्रथम प्रश्न पत्र के दो प्रश्न तथा सामान्य अध्ययन द्वितीय प्रश्न पत्र के दो प्रश्नों को ड्रॉप किया गया है। संशोधित मॉडल उत्तर 19 जून को जारी किया गया।
तीन बार संशोधित हुई उत्तर कुंजी
जेपीएससी द्वारा आयोजित प्रारंभिक परीक्षा 19 अप्रैल को हुई थी। इसके बाद आयोग ने 21 अप्रैल को पहली बार मॉडल उत्तर प्रकाशित किया था और अभ्यर्थियों से 24 अप्रैल तक आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित किए थे।
अभ्यर्थियों से प्राप्त आपत्तियों की विषय विशेषज्ञों से समीक्षा कराने के बाद आयोग ने 26 मई को दूसरी बार संशोधित और अंतिम मॉडल उत्तर जारी किया था। हालांकि इसके बाद भी अभ्यर्थियों की ओर से प्राप्त आपत्तियों पर पुनर्विचार किया गया। विशेषज्ञों की समीक्षा के बाद आयोग ने 19 जून को तीसरी बार संशोधित मॉडल उत्तर जारी कर दिया।
आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार सामान्य अध्ययन प्रथम प्रश्न पत्र की उत्तर कुंजी को यथावत रखा गया है, जबकि सामान्य अध्ययन द्वितीय प्रश्न पत्र में आवश्यक संशोधन किए गए हैं।
103 पदों पर चल रही है नियुक्ति प्रक्रिया
गौरतलब है कि झारखंड लोक सेवा आयोग के माध्यम से कुल 103 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इनमें उपसमाहर्ता के 28 पद, पुलिस उपाधीक्षक के 42 पद, जिला समादेष्टा गृह के दो पद, प्रोबेशन पदाधिकारी गृह के चार पद, सहायक निदेशक महिला एवं बाल विकास के तीन पद, सहायक निबंधक कृषि के दो पद, सहायक नगर आयुक्त के 10 पद, काराधीक्षक के दो पद तथा सहायक निदेशक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी के 10 पद शामिल हैं।
मुख्य परीक्षा की तैयारियों में जुटे अभ्यर्थियों के लिए आयोग का यह संशोधित मॉडल उत्तर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी अभ्यर्थियों की नजर आगामी मुख्य परीक्षा पर टिकी है, जो जुलाई में आयोजित होगी।

