रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने बड़ा फैसला लेते हुए संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा-2025 समेत कुल 9 प्रतियोगी परीक्षाओं को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। आयोग कार्यालय में हाल ही में हुई सीआईडी की छापेमारी, कथित परीक्षा अनियमितताओं की जांच और आयोग के अध्यक्ष एल. खियांगते के इस्तीफे के बाद यह निर्णय लिया गया है।

आयोग के परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, इन परीक्षाओं के माध्यम से कुल 502 पदों पर नियुक्तियां प्रस्तावित थीं। इसके अलावा 9 जुलाई को जारी परीक्षा कैलेंडर में शामिल अन्य आगामी परीक्षाओं के कार्यक्रम भी फिलहाल स्थगित कर दिए गए हैं। नई तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी।

ये 9 परीक्षाएं हुईं स्थगित

  • संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा-2025 (नियमित) – 25 से 27 जुलाई 2026 (103 पद)
  • संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा-2023 (बैकलॉग) – 1 से 3 अगस्त 2026 (8 पद)
  • संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा-2025 (बैकलॉग) – 8 से 10 अगस्त 2026 (45 पद)
  • सिविल जज (जूनियर डिवीजन) लिखित परीक्षा – 6 व 7 सितंबर 2026 (138 पद)
  • सहायक लोक अभियोजक (बैकलॉग) लिखित परीक्षा – 8 से 12 सितंबर 2026 (26 पद)
  • कारखाना निरीक्षक लिखित परीक्षा – 11 व 12 सितंबर 2026 (14 पद)
  • प्रोजेक्ट मैनेजर लिखित परीक्षा – 19 व 20 सितंबर 2026 (30 पद)
  • सहायक लोक अभियोजक (नियमित) लिखित परीक्षा – 25 से 29 सितंबर 2026 (134 पद)
  • वाणिज्य निरीक्षक परीक्षा – 26 व 27 सितंबर 2026 (5 पद)

सीआईडी जांच के बाद लिया गया फैसला

राज्य सरकार के निर्देश पर सीआईडी कथित ओएमआर शीट में हेरफेर, पेपर लीक और डिजिटल टैंपरिंग से जुड़े मामलों की जांच कर रही है। अब तक इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच की गंभीरता को देखते हुए आयोग ने सभी संबंधित परीक्षाओं को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया है।

14वीं प्रारंभिक परीक्षा पर भी संशय

जांच एजेंसियां कथित अनियमितताओं की पड़ताल कर रही हैं। इसी बीच 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा को भी रद्द किए जाने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। हालांकि, इस संबंध में आयोग की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे नई परीक्षा तिथियों और अन्य अपडेट के लिए JPSC की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version