रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते सोमवार को चौथे दौर की पूछताछ के लिए अपराध जांच विभाग (CID) के समक्ष पेश हुए। वह पूर्वाह्न करीब 11 बजे सीआईडी मुख्यालय पहुंचे, जहां अधिकारियों ने उनसे मामले से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ शुरू की।

तीन दौर की लंबी पूछताछ के बाद चौथी बार बुलाए गए

इससे पहले सीआईडी ने 28 जुलाई को करीब नौ घंटे, जबकि 29 और 31 जुलाई को लगभग आठ-आठ घंटे तक एल. खियांग्ते से पूछताछ की थी। जांच एजेंसी अब तक जुटाए गए दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर उनसे लगातार सवाल कर रही है।

तलाशी से पहले दिया था इस्तीफा

एल. खियांग्ते ने 22 जुलाई को जेपीएससी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। यह इस्तीफा सीआईडी द्वारा उनके सरकारी आवास सहित अन्य ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाए जाने से एक दिन पहले दिया गया था। बाद में 27 जुलाई को उन्होंने कहा था कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्होंने स्वेच्छा से पद छोड़ने का निर्णय लिया।

गौरतलब है कि एल. खियांग्ते को राज्य के मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त होने के बाद फरवरी 2025 में जेपीएससी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

अब तक 11 गिरफ्तार, मुख्य परीक्षा भी स्थगित

सीआईडी ने जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के मामले में अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, आयोग ने “अपरिहार्य परिस्थितियों” का हवाला देते हुए 25 से 27 जुलाई तक प्रस्तावित संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा को स्थगित कर दिया था।

कई जिलों में जारी है सीआईडी की कार्रवाई

जांच को आगे बढ़ाते हुए सीआईडी की टीमें सोमवार सुबह से रांची समेत कई जिलों और विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से मामले से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य साक्ष्य प्राप्त होंगे, जिससे पूरे प्रकरण में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version