रांची: 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी विवाद और अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि यह अत्यंत गंभीर मामला है और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।

शिकायत मिलते ही शुरू हुई कार्रवाई

विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर जांच एजेंसी को तत्काल जेपीएससी कार्यालय भेजा गया, जहां संबंधित पदाधिकारियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की सख्त कार्रवाई का ही परिणाम है कि तत्कालीन जेपीएससी अध्यक्ष एल. खियांग्ते ने अपने पद से इस्तीफा दिया। वर्तमान में वे नियमित रूप से जांच एजेंसी के समक्ष उपस्थित होकर जांच में सहयोग कर रहे हैं।

अभ्यर्थियों से राजनीति से दूर रहने की अपील

झामुमो नेता ने कहा कि राज्य सरकार परीक्षा कानून के तहत दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करेगी। उन्होंने आंदोलनरत छात्रों और अभ्यर्थियों से अपील की कि वे अपनी मांगों को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से उठाएं तथा किसी भी राजनीतिक गतिविधि का हिस्सा न बनें। उन्होंने कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी के पास परीक्षा से संबंधित कोई महत्वपूर्ण जानकारी या साक्ष्य है तो उसे जांच एजेंसी को उपलब्ध कराना चाहिए, ताकि जांच निष्पक्ष और शीघ्र पूरी हो सके।

कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक दुबे ने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी के मुद्दे पर भाजपा की सक्रियता राजनीतिक अवसरवाद का उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन नेताओं ने वर्षों तक राज्य में सत्ता संभाली, वे आज युवाओं के हितैषी बनने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्रियों को पहले अपने शासनकाल का हिसाब देना चाहिए।

बंधु तिर्की ने युवाओं के मुद्दे पर गंभीरता दिखाने की मांग की

कांग्रेस नेता बंधु तिर्की ने प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश से मुलाकात कर कहा कि पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर युवा सड़क पर हैं। उन्होंने आग्रह किया कि कांग्रेस इस मुद्दे को गंभीरता से ले और पार्टी का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलकर युवाओं को न्याय दिलाने की दिशा में ठोस कार्रवाई का अनुरोध करे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version