लातेहार : लातेहार जिले के महुआडांड़ प्रखंड स्थित परहा टोली पंचायत भवन में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत चल रहे मतदाता सूची संशोधन कार्य की समीक्षा की गई तथा आम लोगों को अभियान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
योग्य मतदाताओं से नाम जुड़वाने की अपील
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। जिन लोगों का नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है या जो 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए मतदाता हैं, उनसे निर्धारित प्रपत्र भरकर जल्द से जल्द अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की अपील की गई।
घर-घर चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने मतदाता जागरूकता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया। उन्होंने घर-घर जाकर लोगों को मतदाता सूची संशोधन अभियान की जानकारी देने तथा प्रशासन को इस कार्य में सहयोग करने का निर्णय लिया। ग्रामीणों ने भी अभियान को सफल बनाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
ये लोग रहे मौजूद
बैठक में झारखंड मुक्ति मोर्चा युवा जिला सचिव परवेज आलम, पंचायत सचिव मनोज कुमार, मेंहदी हसन, पंचायत बीएलई, क्षेत्र के बीएलओ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

