रांची : झारखंड में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में जल्द ही मौसम का मिजाज बदलने वाला है। तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

मौसम केंद्र के मुताबिक, राजधानी रांची सहित कई जिलों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। साथ ही 2 मई तक राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में यह बदला हुआ मौसम बना रहने की संभावना है। मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

पलामू रहा सबसे गर्म जिला

रविवार को रांची का अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पलामू राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

इसके अलावा सरायकेला में 42.5, पूर्वी सिंहभूम में 41.9 और गुमला में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर बोकारो में 35.2 और जमशेदपुर में 37.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। संताल परगना क्षेत्र के जिलों में तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा।

तेज हवाएं, बारिश और वज्रपात का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 27 अप्रैल से मौसम में बदलाव शुरू हो जाएगा। संताल परगना, रांची, बोकारो और हजारीबाग में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात की संभावना है।

28 और 29 अप्रैल को रांची और कोल्हान क्षेत्र में भी गरज के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 30 अप्रैल से 2 मई तक पूरे झारखंड में आंधी, बारिश और वज्रपात का प्रभाव देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और खुले स्थानों से दूर रहकर सुरक्षित जगहों पर ही ठहरें।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version