रांची : झारखंड में गर्मी अब लोगों की सहनशक्ति की परीक्षा लेने लगी है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा जैसा माहौल देखने को मिल रहा है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
रांची समेत कई जिलों में बढ़ा तापमान
शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में इसमें 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।
राज्य में सबसे ज्यादा गर्मी मेदिनीनगर में रिकॉर्ड की गई, जहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। हालांकि पिछले 24 घंटे में तापमान में 0.8 डिग्री की हल्की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन गर्म हवाओं का असर जारी है।
इसके अलावा बोकारो में 41.5 डिग्री सेल्सियस, चाईबासा में 39.4 डिग्री और जमशेदपुर में 38.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
कई जिलों में लू चलने की चेतावनी
मौसम विभाग ने 23 और 24 मई को पलामू, गढ़वा, चतरा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवा लोगों को ज्यादा परेशान कर सकती है।
वहीं रांची, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, हजारीबाग और कोडरमा में भी तापमान बढ़ने से उमस और गर्मी का असर महसूस किया जाएगा।
दोपहर बाद बदल सकता है मौसम
भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में राहत की संभावना भी जताई है। विभाग के मुताबिक कई जगहों पर दोपहर बाद बादल छा सकते हैं और हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में थोड़ी गिरावट आने की उम्मीद है।
तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट
24 और 25 मई को बोकारो और धनबाद समेत उत्तर-पूर्वी झारखंड के कुछ हिस्सों में तेज गर्जन, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की आशंका है।
इसके अलावा राज्य के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की अपील की है।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी की सलाह
लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। डॉक्टरों ने दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा है।

