रांची: झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। अब उनके सुरक्षा काफिले में तीन स्कॉट गाड़ियां शामिल रहेंगी। इस संबंध में पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा के आदेश के बाद पुलिस मुख्यालय के आईजी प्रोविजन ने संबंधित पत्र जारी कर दिया है। नई व्यवस्था के तहत वित्त मंत्री के काफिले के साथ अब तीन बोलेरो स्कॉट वाहन चलेंगे।
सीएम के हस्तक्षेप के बाद हुआ फैसला
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने इस निर्णय पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप से ही पूरे मामले का समाधान हुआ। उनके अनुसार मुख्यमंत्री ने सुरक्षा से जुड़े मुद्दे की गंभीरता को समझते हुए उचित निर्णय लिया।
पलामू के सुरक्षा हालात का दिया हवाला
राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि पलामू क्षेत्र लंबे समय तक उग्रवाद और अपराध से प्रभावित रहा है। उन्होंने बताया कि अपराधियों के खिलाफ लगातार संघर्ष करने के कारण उनकी सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने केवल सुरक्षा मानकों के आधार पर अपनी चिंता जताई थी और किसी प्रकार की नाराजगी की बात नहीं थी।
एक स्कॉट वाहन हटाने के आदेश से शुरू हुआ था विवाद
इससे पहले गृह विभाग के संयुक्त सचिव की ओर से वित्त मंत्री के काफिले से एक स्कॉट वाहन हटाने संबंधी पत्र जारी किया गया था। इसके बाद मामला चर्चा में आ गया था। सुरक्षा व्यवस्था में कटौती से नाराज होकर वित्त मंत्री ने अपने साथ तैनात सुरक्षाकर्मियों और स्कॉट वाहन को वापस लौटा दिया था। हालांकि सुरक्षाकर्मी दूर से उनकी सुरक्षा पर नजर बनाए हुए थे।
अब सरकार के नए निर्णय के बाद वित्त मंत्री के काफिले में तीन स्कॉट गाड़ियां तैनात रहेंगी, जिससे उनकी सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी।
